चंडीगढ़, 07अप्रैल (वार्ता) पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पी.आर.टी.सी. डिपो बठिंडा में तैनात कंडक्टर नरेंद्र सिंह उर्फ लाडी को बीस हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि उक्त आरोपी को तहसील तलवंडी साबो, जिला बठिंडा के निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता पीआरटीसी डिपो बठिंडा में ड्राइवर के रूप में कार्यरत है और वह अपना बस रूट बदलवाना चाहता था। इस संबंध में आरोपी केवल कृष्ण, फिटर इंचार्ज बस स्टैंड गोनियाना और कंडक्टर नरेंद्र सिंह उर्फ लाडी ने बस रूट बदलने के बदले शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी कंडक्टर को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत मांग रहा था। इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सह-आरोपी फिटर केवल कृष्ण को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित