चंडीगढ़ , मार्च 29 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पुलिस चौकी किचलू नगर, थाना पीएयू लुधियाना के इंचार्ज के रूप में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) लखविंदर सिंह को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि उक्त आरोपी को बैंक कॉलोनी, नूरवाला रोड, जिला लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के विरुद्ध एक मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच एएसआई लखविंदर सिंह को सौंपी गई थी। इस सम्बन्ध में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी एएसआई ने उसकी बहन और मां को इस मामले में न फंसाने के बदले 30,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी एएसआई को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध विजिलेंस ब्यूरो थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित