चेन्नई , सितंबर 19 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय 22 सितंबर को सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए राज्य सरकार की मुफ़्त नाश्ता योजना का विस्तार शुरू करेंगे।

राज्य सचिवालय में हुई एक उच्च-स्तरीय बैठक के बाद जारी आधिकारिक बयान के अनुसार इस विस्तारित योजना का नाम बदलकर 'पेरुंथलैवर कामराजार ब्रेकफ़ास्ट स्कीम' कर दिया गया है और मुख्यमंत्री चेन्नई के तिरुवनमियूर इलाके में इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे।

राज्य सरकार ने इस योजना के विस्तार के लिए 217.63 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जिससे लगभग 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को लाभ होगा। यह योजना, जो पहले कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों के लिए थी, अब पूरे राज्य में सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए भी लागू होगी। इस विस्तार का मकसद नाश्ता योजना के तहत मिलने वाली पोषण संबंधी मदद को उन छात्रों के अलावा बड़ी उम्र के स्कूली बच्चों तक भी पहुँचाना है जो पहले से ही इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। सरकार स्कूली छात्रों को पौष्टिक भोजन देने और उन्हें स्कूल छोड़ने से रोकने की कोशिशों के तहत यह योजना चला रही है।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार इस विस्तारित योजना को पूरे राज्य में लागू किया जायेगा, जिसमें 15,910 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल शामिल होंगे। चेंगलपट्टू और तिरुपुर ज़िलों में फिलहाल इस विस्तार को शुरू नहीं किया जायेगा क्योंकि मदुरंतकम और धारापुरम सीटों पर विधानसभा उपचुनावों के कारण आदर्श आचार संहिता लागू है। समाज कल्याण विभाग ने ज़िला कलेक्टरों को निर्देश दिये हैं कि वे अच्छी गुणवत्ता के साथ इस योजना को सख्ती से लागू करना सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित