चेन्नई: , अगस्त 15 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर फोर्ट सेंट जॉर्ज की प्राचीर पर पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कहा कि तमिलनाडु को रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से मुक्त कराना आज़ादी पाने जैसा ही है।

तिरंगा फहराने और गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करने के बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने तमिलनाडु के लोगों और छात्रों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और देश की आज़ादी के लिए अपनी जान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, "तमिलनाडु को रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से बचाना आज़ादी पाने के बराबर है। यह सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। असली आज़ादी तभी मिल सकती है जब लोग जाति, धर्म, भाषा और नस्ल की बाधाओं को तोड़कर एकजुट हों।"मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक न्याय और पारदर्शी एवं ईमानदार शासन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "सार्वजनिक जीवन में कोई समझौता नहीं होना चाहिए। लोगों का कल्याण सबसे महत्वपूर्ण है और सरकार उसी दिशा में काम कर रही है।"केंद्र-राज्य संबंधों पर श्री विजय ने कहा कि तमिलनाडु सरकार केंद्र सरकार के साथ प्रशासनिक सहयोग बनाए रखेगी, लेकिन उन फैसलों का विरोध करेगी जो तमिलनाडु के अधिकारों के खिलाफ हों या राज्य के लिए नुकसानदेह हों।

पिछली सरकारों द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए श्री विजय ने कहा कि उनकी सरकार उन कार्यक्रमों को लागू करना जारी रखेगी जिनसे लोगों को फायदा हुआ है। उन्होंने खास तौर पर 'अम्मा उनावगम' योजना और मुख्यमंत्री की नाश्ता योजना का जिक्र किया और कहा कि नाश्ता योजना का विस्तार भी किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी राजस्व को निजी हाथों में जाने से रोकने और रिश्वतखोरी एवं भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए कदम उठाए गए हैं, और तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित