कपूरथला , मई 07 -- पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने गुरुवार को कपूरथला जिले के ब्लॉक नडाला अंतर्गत गांव मियानी बेकरपुर और गांव ढालीवाल बेट के सरकारी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण का उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) 2013 के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।

निरीक्षण के दौरान श्री दत्त ने मिड-डे मील व्यवस्था, साफ-सफाई, बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिये कि एनएफएसए 2013 के प्रावधानों को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ लागू किया जाये ताकि हर बच्चे तक पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचे। उन्होंने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजी और पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध कराने के लिए 'किचन गार्डन' स्थापित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। साथ ही मिड-डे मील बनाने वाले कर्मचारियों को सभी निर्धारित नियमों और दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिये।

श्री दत्त ने पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित टीडीएस जांच कराने और साफ-सफाई बनाये रखने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में एलपीजी सिलेंडरों से जुड़ी समस्या को भी उठाया और तत्काल पंजाब मिड-डे मील के महाप्रबंधक वरिंदर बराड़ से बात कर बच्चों के भोजन निर्माण में कोई बाधा न आने देने को कहा।

उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके साथ भोजन भी किया। इस दौरान अधिकारियों को फूड टेस्ट रजिस्टर नियमित रूप से भरने तथा विद्यार्थियों और मिड-डे मील रसोइया की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिये।

श्री दत्त ने चेतावनी दी कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और संबंधित कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य खाद्य आयोग बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसे औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को एनएफएसए 2013 या संबंधित योजनाओं को लेकर कोई शिकायत है, तो वह पंजाब राज्य खाद्य आयोग की हेल्पलाइन नंबर 9876764545 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित