तुतूकुडी , जुलाई 20 -- तमिलनाड में प्रमुख विपक्षी दल द्रमुक विधायक मार्कंडेयन को एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री और टीवीके संस्थापक सी. जोसेफ विजय के खिलाफ धमकी भरी टिप्पणी करने के आरोप में सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया है।
श्री मार्कंडेयन हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में दक्षिणी तूतुकुडी जिले के विलातीकुलम निर्वाचन क्षेत्र से चुने गये थे।
यह विवाद तूतुकुडी जिले के कोविलपट्टी में द्रमुक की ओर से आयोजित एक आभार सभा में उनके दिये भाषण से उपजा है। इस कार्यक्रम में श्री मार्कंडेयन ने कथित तौर पर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिन्हें मुख्यमंत्री के प्रति धमकी भरा माना गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गयीं और इससे उनकी व्यापक आलोचना शुरू हो गयीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, "सार्वजनिक मंच पर की गयी आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणियों के संबंध में शिकायत मिली थी। इस आधार पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की गयी है।"रिपोर्ट के मुताबिक, श्री मार्कंडेयन ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाषण में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया था, जिससे राजनीतिक हलकों और आम जनता में तीखी प्रतिक्रियाएं हुईं। कई समूहों ने इस टिप्पणी की निंदा की और तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
एक विरोधी राजनीतिक संगठन के सदस्यों के जिला पुलिस अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराये जाने के बाद मामला दर्ज किया गया और विधायक को दिन के शुरुआती घंटों में विलातीकुलम में उनके आवास से हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा, "उन्हें पूछताछ के लिए ले जाया गया है और अदालत में पेश किया जायेगा।"इस गिरफ्तारी से श्री मार्कंडेयन के समर्थकों में विरोध भड़क गया, जो उनके आवास के पास एकत्र हो गये और पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए नारेबाजी की। तनाव उस समय थोड़ी देर के लिए बढ़ गया, जब कुछ समर्थकों ने उस पुलिस वाहन को रोकने की कोशिश की जिसमें विधायक को ले जाया जा रहा था।
सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और व्यवस्था बहाल करने के लिए भीड़ को तितर-बितर कर दिया। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
इस बीच, तूतुकुडी से द्रमुक की लोकसभा सांसद ने श्री मार्कंडेयन की गिरफ्तारी की निंदा की और सत्तारूढ़ व्यवस्था पर आलोचना को न पचा पाने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि टीवीके सरकार का यह कदम, जिसने विलातीकुलम के विधायक को क्रूर तरीके से गिरफ्तार किया है, घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा, "आलोचना का सामना करने में असमर्थ टीवीके शासन, जो द्रमुक सदस्यों को दबाने के लिए उनके खिलाफ पुलिस का इस्तेमाल कर रहा है, उसे लोकतांत्रिक तरीकों से उचित सबक सिखाया जायेगा।" इसके साथ ही उन्होंने उनकी तुरंत रिहाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित