बेंगलुरु , जुलाई 10 -- कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन ने शुक्रवार को चुनावी तैयारियों का संकेत देते हुए आगामी चुनावी मुकाबलों के लिए कमर कस ली। दोनों दलों के शीर्ष नेताओं ने बेंगलुरु में उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक कर आपसी समन्वय मजबूत करने, राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ अभियान को धार देने और राज्य में आगामी चुनावों के लिए संयुक्त रणनीति तैयार करने पर मंथन किया।
बैठक में केंद्रीय मंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं तथा जद (एस) के प्रदेश अध्यक्ष एच.डी. कुमारस्वामी ने भाग लिया। इस दौरान गठबंधन ने कांग्रेस के खिलाफ एकजुट विपक्षी मोर्चा पेश करने के अपने संकल्प को दोहराया।
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक पोस्ट में बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि गठबंधन के नेताओं ने राज्य में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और गठबंधन की भविष्य की राजनीतिक रणनीति की रूपरेखा तैयार की।
श्री विजयेंद्र ने कहा, "किसान-विरोधी, जन-विरोधी और भ्रष्ट कांग्रेस सरकार के खिलाफ हमारे संघर्ष की रूपरेखा, दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को मजबूत करने एवं आगामी चुनावी चुनौतियों से असरदार तरीके से निपटने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने की दिशा में व्यापक विचार-विमर्श किया गया।"भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, बैठक में भाजपा और जद (एस) के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने, कांग्रेस सरकार के ख़िलाफ़ एकजुट होकर राजनीतिक अभियान चलाने और भविष्य के चुनावों का सामना करते समय गठबंधन को एकजुट रखने पर बल दिया गया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक एक अहम संकेत है कि भाजपा-जद(एस) गठबंधन अब सीट बंटवारे एवं संगठनात्मक तालमेल से आगे बढ़कर कर्नाटक में विपक्ष के वोट को एकजुट करने के उद्देश्य से एक सक्रिय और चुनाव-केंद्रित अभियान की ओर बढ़ रहा है।
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों, सुशासन और कथित भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर जनसंपर्क अभियान तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। भाजपा और जद (एस) लंबे समय से इन मुद्दों को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर लगातार निशाना साधते रहे हैं।
कर्नाटक में बढ़ती राजनीतिक हलचल के बीच यह रणनीति बैठक अहम है क्योंकि विपक्षी गठबंधन के दोनों सहयोगी दल आगामी चुनावों से पहले कांग्रेस पर अपने हमले तेज़ करने और साथ ही अपने संगठनात्मक नेटवर्क को मज़बूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित