वाराणसी , अक्टूबर 19 -- बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत बरेका के सभी प्रवेश द्वार-ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट और कंदवा गेट-दोपहर दो बजे से रावण के पुतले के दहन तक बंद रहेंगे।

बरेका प्रशासन के अनुसार, इस अवधि में रेल कर्मचारी वैध पहचान पत्र दिखाकर, जबकि आम नागरिक रामलीला मंचन एवं रावण दहन के लिए जारी वैध प्रवेश पास के आधार पर ही परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण, जनसुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से की गई है।

बरेका में विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर को पारंपरिक उल्लास, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मैदान में शाम 4:30 बजे से रात आठ बजे तक भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसके बाद आकर्षक आतिशबाजी और रावण सहित अन्य पुतलों का दहन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत होंगे।

समारोह के दौरान 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकरण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। रामलीला मंचन और पुतला दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई तथा अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया जाएगा।

बरेका प्रशासन ने रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने, निर्धारित प्रवेश पास एवं पहचान पत्र साथ रखने तथा समारोह को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आनंदमय ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित