मोतिहारी , अक्टूबर 21 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी शहर के मिस्कॉट मोहल्ला स्थित श्री साई बाबा मंदिर का ताला काटकर चोरों ने विजयादशमी की रात चोरी कर ली। मंदिर प्रबंधन ने चोरी से करीब 23 लाख रुपये की क्षति का दावा किया है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संबंधित क्षेत्र के गश्ती दल और बाइक पार्टी को निलंबित कर दिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर के व्यस्त मीना बाजार से चंद कदम की दूरी पर स्थित मंदिर में चोरी का पता बुधवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर खोले जाने पर चला।
श्री साई बाबा ट्रस्ट, मोतिहारी के ट्रस्टी रवि अग्रवाल ने बताया कि मंदिर से साई बाबा का करीब 10 किलोग्राम का छत्र और गणेश जी का लगभग 100 ग्राम का चांदी का मुकुट गायब था। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई और नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
नगर थाना पुलिस के अनुसार, चोर ताला काटकर मंदिर में दाखिल हुए। मंदिर का सीसीटीवी कैमरा करीब डेढ़ महीने से खराब था। घटना के समय पुजारी मंदिर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक नहीं लगी।
हालांकि, चोरी गई वस्तुओं को लेकर पुलिस और मंदिर प्रबंधन के बयानों में अंतर सामने आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, केवल गणेश जी का मुकुट चोरी हुआ है, जबकि साई बाबा का छत्र, दानपेटी और चरण पादुका सुरक्षित हैं। वहीं, मंदिर प्रबंधन ने छत्र और मुकुट दोनों के चोरी होने की बात कही है। इस अंतर को जांच के दौरान स्पष्ट किया जाना है।
इस बीच घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संबंधित क्षेत्र के गश्ती दल और बाइक पार्टी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है।
साई भक्त एवं संस्थापक सदस्य डॉ. पी.के. राव ने घटना को दुखद बताते हुए चोरी गई वस्तुओं की शीघ्र बरामदगी और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित