चंडीगढ़ , अक्टूबर 18 -- देशभर में विजयदशमी का पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर चंडीगढ़ में भी तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के सेक्टर-17, सेक्टर-43, सेक्टर-46 समेत कई स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर भव्य आयोजन किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

विजयदशमी के अवसर पर सेक्टर-46 का रामलीला कार्यक्रम और रावण दहन विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। यहां हर साल दूर-दराज से लोग कार्यक्रम देखने पहुंचते हैं। इस दौरान वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी भी रहती है। ऐसे में इस बार भी यहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।

कार्यक्रमों को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए जाएंगे। पुलिस की ओर से समय-समय पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित