नोएडा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में विजयदशमी के पर्व पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले पुतला दहन कार्यक्रमों को देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जिले में कुल 232 स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, भीड़भाड़ वाले प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास यातायात डायवर्जन लागू कर वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लें और निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें।
सोमवार को यातायात पुलिस उपायुक्त श्री सैयद अली अब्बास ने जानकारी दी और बताया कि,विजयदशमी के अवसर पर जिले में कई स्थानों पर रामलीला मंचन के बाद रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रमुख सड़कों, चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पहले से ही व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं, ताकि लोगों को जाम की समस्या से बचाया जा सके।
यातायात पुलिस ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के चार प्रमुख आयोजन क्षेत्रों को चिह्नित किया है। इनमें सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-62, महर्षि आश्रम और भंगेल क्षेत्र के साथ ग्रेटर नोएडा पश्चिम के इकोटेक थाना क्षेत्र न्यू आदर्श में होने वाले आयोजन शामिल हैं। इन स्थानों पर कार्यक्रमों के दौरान भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा।
नोएडा स्टेडियम और सेक्टर-62 में रामलीला व पुतला दहन कार्यक्रमों के चलते आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसी तरह महर्षि आश्रम और भंगेल क्षेत्र में भी आयोजन के दौरान वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। ग्रेटर नोएडा पश्चिम में होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी यातायात पुलिस ने व्यवस्था की है। वाहन चालकों को डायवर्जन के दौरान वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए जिलेभर में 232 पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। इनमें प्रमुख चौराहे, व्यस्त मार्ग और रामलीला व पुतला दहन के आयोजन स्थल शामिल हैं। प्रत्येक पॉइंट पर करीब दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित