पटना , जून 11 -- बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग 'कुलाधिपति संवाद' कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए और कहा की विचारों, सुझावों और समस्याओ को साझा करने में इससे मदद मिलेगी।
बिहार लोक भवन में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य गतिविधियों की समीक्षा की और कहा कि 'कुलाधिपति संवाद' के माध्यम से छात्रों को अपने विचार, सुझाव, समस्याओं एवं आकांक्षाओं को सीधे कुलाधिपति के साथ साझा करने का अवसर मिलना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम कुलाधिपति के लिए भी छात्रों के समक्ष अपने विजन एवं अपेक्षाओं को रखने का अवसर प्रदान करेंगे।
श्री हसनैन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच तथा जूनियर तथा सीनियर विद्यार्थियों एवं पूर्ववर्ती विद्यार्थियों के बीच नियमित संवाद एवं सहभागिता को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित