पटना , मई 4 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने नवगछिया से भागलपुर के रास्ते में स्थित विक्रमशिला सेतु के गिरने की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसके लिए बिहार सरकार की घोर लापरवाही और भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया है।

श्री राम ने कहा कि यह घटना सरकार की घोर लापरवाही और व्यापक भ्रष्टाचार का परिणाम है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राम ने कहा कि विक्रमशिला पुल के रख-रखाव और मेंटेनेंस की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की है, लेकिन इस मामले में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई। उन्होंने कहा कि समय-समय पर पुल की निगरानी और मरम्मत नहीं किए जाने के कारण संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लाखों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

श्री राम ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस महत्वपूर्ण पुल का इस तरह क्षतिग्रस्त होना बेहद चिंताजनक है। यह पुल न केवल भागलपुर बल्कि पूरे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा के समान है। इसके बावजूद सरकार ने इसकी समय-समय पर उचित देखरेख और गुणवत्ता की जांच नहीं कराई, जिसका खामियाजा आज आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। विक्रमशिला पुल का हिस्सा टूटना इस बात का प्रमाण है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की गई और भ्रष्टाचार के कारण यह पुल समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया।

श्री राम ने कहा कि इस घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और जो भी अधिकारी, इंजीनियर या ठेकेदार दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो। साथ ही सरकार को तुरंत पुल की मरम्मत कराकर आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित