नयी दिल्ली , मार्च 28 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर "विक्टिम कार्ड" खेलने और ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है।

श्री सचदेवा ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि देश में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) या सभी जांच एजेंसियां जांच करने को तथा जांच के अनुसार न्यायालय में मुकदमा दायर करने के लिए स्वतंत्र हैं। साथ ही भारत के सभी न्यायालय और न्यायाधीश भी अपने विवेक से निर्णय लेने को स्वतंत्र हैं। श्री केजरीवाल और आप के नेताओं सहयोगियों को यह समझना होगा कि जांच एजेंसी को यदि अपने साक्ष्यों पर भरोसा है तो वह निचली अदालत के निर्णय को उच्च न्यायालय में चुनौती दे सकती है और हर उच्च न्यायालय अपने से निचली अदालत के फैसले को पलटने के लिए स्वतंत्र रहते हैं।

उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल की मुश्किल यह है कि वह न्यायालय, न्यायाधीश या न्याय प्रक्रिया का सम्मान नहीं करते हैं। वह केवल अपने पक्ष में आये फैसले को ही न्याय मानते हैं।

उन्होंने कहा कि बेहतर होता "विक्टिम कार्ड" खेलने की जल्दी में बोलने से पहले श्री केजरीवाल खुद केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को ध्यान से सुन लेते। उन्होंने "विक्टिम कार्ड" खेलने की जल्दी में खुद को हास्य का पात्र बना लिया है।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री ने अपने वक्तव्य में केवल इतना कहा है कि सीबीआई का मामला दमदार है, साक्ष्यों में भी दम है और उन्हें विश्वास है कि उच्च न्यायालय में सीबीआई जीत दर्ज करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित