मेरठ , फरवरी 22 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष विशेषकर कांग्रेस, पर तीखा हमला बोला और विकास बनाम "जहरीली राजनीति" को आगामी दौर की मुख्य लड़ाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन जैसे राष्ट्रीय गौरव के अवसर को भी कांग्रेस ने अपनी "गंदी और नंगी राजनीति" का अखाड़ा बनाने की कोशिश की और देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को मेरठ की क्रांतिधरा से नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो सेवा का लोकार्पण करने के बाद मेरठ में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुए वैश्विक एआई सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों और करीब 20 राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया, जिससे भारत का वैश्विक मान बढ़ा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी दल का नहीं, बल्कि देश का था, लेकिन कांग्रेस ने इसकी मर्यादा भंग करने का प्रयास किया।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि सम्मेलन स्थल पर कांग्रेस से जुड़े लोगों ने अनुचित आचरण कर भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा "कांग्रेस पहले से ही नंगी है उसे सम्मेलन स्थल पर कपड़े उतारने की क्या जरूरत थी।" उन्होंने कहा कि देश की सफलता पर गर्व करने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व ने उसे अनावश्यक विवादों में घसीटने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उनसे, भाजपा से या एनडीए से राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन राष्ट्रीय कार्यक्रमों को राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के सम्मान से जुड़े आयोजनों को बदनाम करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है और ऐसे में नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं विनम्रतापूर्वक देश के मीडिया से भी एक अनुरोध करना चाहता हूँ। वैसे मैं मीडिया को हर प्रकार से झेलने के लिए तैयार हूँ, ईश्वर मुझे शक्ति दे। मैं प्रार्थना करता हूँ कि जब हम इस प्रकार की हरकतों की आलोचना करें, तो कृपया यह हेडलाइन न चलाएँ कि 'पीएम मोदी ने विपक्ष को धो डाला।' आप कांग्रेस को बचाने की ऐसी चालाकियाँ बंद कीजिए। ऐसा करके आप कांग्रेस को बचाते हैं, जबकि विपक्ष में बैठे उसके साथी भी समझ चुके हैं कि पाप कांग्रेस करती है और उसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता है।"श्री मोदी ने मीडिया से यह भी अपील की कि ऐसे मामलों में "विपक्ष" शब्द का प्रयोग कर पूरे विपक्ष को एक तराजू में न तौला जाए, बल्कि जिस दल की भूमिका हो, उसका स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने कहा कि गलत आचरण की आलोचना विशिष्ट रूप से होनी चाहिए ताकि जवाबदेही तय हो सके।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की कार्यशैली से उसके सहयोगी दल भी असहज हैं और देश की जनता इस प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करती। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के लिए देश का विकास सर्वोपरि है, जबकि कुछ दल भारत की उपलब्धियों को स्वीकार करने में असमर्थ हैं।

प्रधानमंत्री ने लघु और कुटीर उद्योगों, एमएसएमई, किसानों और बुनकरों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार छोटे शहरों और कारीगरों की क्षमता को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बजट में घोषित विशेष कोष और निर्यात नियमों में ढील का जिक्र करते हुए इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा आधुनिक कनेक्टिविटी विकसित भारत की सबसे बड़ी पहचान बनकर उभर रही है।

श्री मोदी ने कहा कि पहली बार एक ही दिन नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का शुभारंभ हुआ है, जो विकसित भारत की कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शहर के भीतर मेट्रो और ट्विन सिटी विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन देश में नई क्रांति का संकेत है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्य संस्कृति शिलान्यास से लेकर लोकार्पण तक परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने की है, इसलिए अब परियोजनाएं लटकी नहीं रहतीं। उन्होंने स्वयं मेट्रो में सफर करने और विद्यार्थियों व यात्रियों से बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों ने इस परिवर्तन की कल्पना भी नहीं की थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में मेट्रो विस्तार की गति अत्यंत धीमी थी और केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवा थी, जबकि आज 25 से अधिक शहरों में मेट्रो चल रही है और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है। उन्होंने बताया कि नमो भारत रैपिड रेल में बड़ी संख्या में बेटियां ट्रेन ऑपरेटर और स्टेशन कंट्रोल जैसे दायित्व निभा रही हैं, जो नारी शक्ति का प्रतीक है।

उन्होने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश लघु, कुटीर और एमएसएमई उद्योगों का महत्वपूर्ण केंद्र है। केंद्र सरकार के हालिया बजट में लघु उद्योगों के लिए 10,000 करोड़ रुपये के विशेष कोष की घोषणा की गई है, जिससे एमएसएमई को ऋण उपलब्धता आसान होगी। उन्होंने कहा कि निर्यात नियमों में ढील से मेरठ के खेल उद्योग, मुरादाबाद के पीतल उद्योग, सहारनपुर की लकड़ी कारीगरी, खुर्जा की क्रॉकरी, बागपत के होम फर्निशिंग और अन्य कुटीर उद्योगों को वैश्विक बाजार तक पहुंचने में लाभ मिलेगा।

श्री मोदी ने किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को लगभग 95 हजार करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, जिनमें मेरठ के किसानों को भी लगभग 800 करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के विजन को आगे बढ़ाते हुए किसानों की आय बढ़ाने और फूड प्रोसेसिंग को प्रोत्साहन देने पर बल दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित