भोपाल , फरवरी 22 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में चहुँओर तेज गति से विकास हो रहा है और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास के माध्यम से मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास को राष्ट्रनिर्माण का आधार बनाया गया है और सरकार का लक्ष्य है कि इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को इंदौर जिले के महू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महूगांव में 85 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण किया तथा 4.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित नानाजी देशमुख पर्यटक स्थल का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने महूगांव में 100 बिस्तरों के नए अस्पताल के निर्माण और महूगांव नगर परिषद को नगरपालिका का दर्जा देने की घोषणा की। साथ ही भगोरिया उत्सव को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने के निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने जनजातीय नायक टंट्या मामा के सम्मान में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में 38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महू तथा एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चंद्रशेखर आजाद सरोवर (काकड़पुरा तालाब) पार्क एवं घाट का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा अमृत 2.0 योजना अंतर्गत नवीन पेयजल लाइन, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत उपयोगित जल प्रबंधन, महू-नीमच रोड निर्माण, मुक्तिधाम घाट, सामुदायिक भवन, सड़क एवं गौशाला रोड निर्माण सहित कई कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नानाजी देशमुख ने अपना संपूर्ण जीवन ग्राम विकास, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए समर्पित किया। उनका मानना था कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांव मजबूत होंगे तो राष्ट्र मजबूत बनेगा।

उन्होंने कहा कि महू क्षेत्र ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली है तथा जानापाव पर्वत भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। क्षेत्र औद्योगिक और शैक्षणिक गतिविधियों का भी केंद्र बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना, आयुष्मान योजना, सड़क दुर्घटना पीड़ितों के उपचार, एयर एम्बुलेंस सुविधा और अंगदान करने वालों को गार्ड ऑफ ऑनर देने जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगामी सत्र से कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को सरकारी स्कूलों में दूध उपलब्ध कराने की योजना की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, विधायक सुश्री उषा ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित