नयी दिल्ली , फरवरी 21 -- तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ ब्रायन ने शनिवार को 'मॉर्निंग वॉक' नामक एक नयी राजनीतिक जनसंपर्क पहल की शुरुआत की। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 'चौथे कार्यकाल के लिए पूरी तरह तैयार' हैं।
अपने दावे के समर्थन में उन्होंने यहां एक बयान जारी करके प्रमुख आर्थिक आंकड़ों का हवाला दिया। शृंखला के पहले संस्करण 'मॉर्निंग वॉक- एक' की घोषणा करते हुए ओ ब्रायन ने कहा कि यह शृंखला पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के प्रदर्शन को बताने वाले डाटा और तर्क पेश करेगी।
सुश्री बनर्जी के नेतृत्व में हुई महत्वपूर्ण आर्थिक प्रगति का विवरण देते हुए ओ ब्रायन ने कहा, "ममता बनर्जी चौथे कार्यकाल के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) पांच गुना बढ़कर 21.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य की कुल अर्थव्यवस्था तीन गुना से अधिक बढ़कर 18 लाख करोड़ रुपये हो गयी है और निर्यात दोगुना होकर 12 अरब अमेरिकी डॉलर (1,088.76 अरब रुपये) तक पहुंच गया है।
राज्यसभा सांसद ने इस शृंखला के हिस्से के रूप में एक वीडियो लिंक भी साझा किया है, जो यह संकेत देता है कि इस अभियान में अगले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के पक्ष को मजबूत करने के लिए डिजिटल संपर्क और आर्थिक डेटा का इस्तेमाल किया जायेगा।
तृणमूल कांग्रेस ने बुनियादी ढांचे में सुधार, सामाजिक कल्याण योजनाओं के वितरण और औद्योगिक विकास की ओर बार-बार इशारा करते हुए यह तर्क दिया है कि राष्ट्रीय और वैश्विक प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद पश्चिम बंगाल ने अपनी आर्थिक गति बनाये रखी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राज्य का विकास पथ 2011 से सुश्री बनर्जी के नेतृत्व में प्रशासनिक स्थिरता और लक्षित कल्याणकारी योजनाओं को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित