फिरोजाबाद , मई 19 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद नगर निगम परिसर में मंगलवार को भाजपा पार्षद ऊषा शंखवार ने क्षेत्र में विकास कार्य न होने से क्षुब्ध होकर सार्वजनिक रूप से अपना मुंडन करा लिया।
पार्षद के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम परिसर में हुए इस घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे शहर में इसकी चर्चा होने लगी। पार्षद ऊषा शंखवार का आरोप है कि उनके वार्ड में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी समस्याएं लंबे समय से जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन बार-बार शिकायत और मांग करने के बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता लगातार उनसे जवाब मांग रही है, जबकि उनकी स्वयं की बात अधिकारियों द्वारा नहीं सुनी जा रही। पार्षद ने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों और संबंधित जनप्रतिनिधियों को समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन विकास कार्य शुरू नहीं कराए गए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ऊषा शंखवार ने महापौर कामिनी राठौर के पति सुरेंद्र राठौर पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप किया जा रहा है, जिससे योजनाएं प्रभावित हो रही हैं और कार्य लंबित पड़े हैं।
वहीं नगर आयुक्त प्रशांत नापगर ने पार्षद के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हाल ही में पार्षद के साथ बातचीत हुई थी तथा उनके वार्ड में कई विकास कार्य कराए जा चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष बचे कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
नगर निगम परिसर में हुए इस अनूठे विरोध प्रदर्शन की शहरभर में चर्चा बनी हुई है और लोग इसे जनप्रतिनिधियों की नाराजगी का बड़ा संकेत मान रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित