फतेहाबाद , सितंबर 14 -- हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने सोमवार को भुना रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के नए विश्राम गृह में लोक स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में पेयजल, सीवरेज, सड़कों, भवनों, पुलों और अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की गई। श्री गंगवा ने अधिकारियों को आम जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और सुचारू पेयजल व सीवरेज व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप होने चाहिए। अधिकारी नियमित रूप से मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करें और विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करवाएं।
मंत्री ने 2026-27 के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की और सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागों में आपसी समन्वय और योजनाओं की नियमित निगरानी जरूरी है।
बैठक के बाद श्री गंगवा ने सेक्टर-9 में निर्माणाधीन 200 बिस्तरों वाले अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से संबंधित शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान पूर्व विधायक दुदा राम, पूर्व आईजी दलबीर भारती, अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित