मथुरा , जून 17 -- राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई संस्कृति स्थापित हुई है, जिसने जनता की अपेक्षाओं और शासन के मानकों को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने दावा किया कि ब्रज क्षेत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का जनाधार मजबूत है और भविष्य में भी गठबंधन अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखेगा।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बड़ा निर्णय किसानों के हित में लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त को मंजूरी देकर लगभग साढ़े नौ करोड़ किसानों को लाभ पहुंचाया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मथुरा में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाओं पर चर्चा की गई है तथा यहां फिशरी कॉलेज की स्थापना भी की गई है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा से जोड़ने तथा केसीसी की सीमा तीन लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का निर्णय भी किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है।

देश में आधारभूत संरचना के विकास का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले जहां इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगभग दो लाख करोड़ रुपये का निवेश होता था, वहीं अब यह बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके परिणामस्वरूप भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क, तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क और तीसरा सबसे बड़ा नागरिक उड्डयन बाजार बन गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेसवे सहित विभिन्न परियोजनाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान की है, जिसका सीधा लाभ किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को मिल रहा है।

श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी समान महत्व दे रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से स्थानीय भाषाओं और बोलियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के पंचतीर्थ, भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम, सरदार पटेल की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तथा चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न प्रदान किया जाना इसी सोच का हिस्सा है।

समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका सवाल उठाने की होती है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यदि विपक्ष कुछ नहीं बोलेगा तो लोग पूछेंगे कि वह शांत क्यों है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में राजग सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय है तथा जनता का भरोसा गठबंधन के साथ बना हुआ है।

मंदिरों में दान और धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दान की राशि मंदिरों के विकास और जनहित के कार्यों में ही खर्च हो तथा उसके उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रकार के मामलों को गंभीरता से ले रही है और जहां भी आवश्यक होगा, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित