फिरोजाबाद , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रही है तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था और जनकल्याण की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से व्यापक बदलाव देखने को मिला है। फिरोजाबाद की टूंडला विधानसभा क्षेत्र स्थित उसायनी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने 658 करोड़ रुपये लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि "भाजपा है तो विकास है" और जनता के समर्थन से ही विकास कार्यों को गति मिल रही है।
योगी ने बाबा नीम करौरी महाराज की पुण्य जन्मस्थली और विश्व प्रसिद्ध सुहाग नगरी फिरोजाबाद के उद्यमियों, श्रमिकों और कांच उद्योग से जुड़े लोगों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिरोजाबाद का कांच उद्योग नवाचार का केंद्र बन चुका है और यहां निर्मित देवी-देवताओं तथा महापुरुषों की उत्कृष्ट प्रतिमाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं। उन्होंने दावा किया कि यह उद्योग गुणवत्ता और नवाचार के बल पर चीन को भी पीछे छोड़ने की दिशा में अग्रसर है। साथ ही उन्होंने कांच उद्योग से जुड़े उद्यमियों को हर संभव सरकारी सहयोग और प्रोत्साहन का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में कांच उद्योग को अपेक्षित प्रोत्साहन नहीं मिला, जबकि वर्तमान सरकार गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने और उद्योग की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अनेक धार्मिक स्थलों और स्मारकों के पुनरुद्धार का कार्य किया था। वर्तमान सरकार भी उनकी प्रेरणा से धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए कार्य कर रही है।
योगी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों को व्यापक लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना का लाभ, आवास, बिजली कनेक्शन और उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अब माफिया, गुंडाराज और दंगों से मुक्त हो चुका है। "नो कर्फ्यू, नो दंगा, सब कुछ चंगा" का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में उपद्रव नहीं बल्कि उत्सव का माहौल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 568 लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित कीं। इसके अलावा युवा उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, विधायक मनीष असीजा, प्रेमपाल सिंह धनगर, विजय सिंह शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सिंह, महापौर कामिनी राठौर, सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर सिंह भारद्वाज, जिलाध्यक्ष उदयवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने उन्हें राम दरबार की प्रतिमा भेंट की। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित