पटना , जून 29 -- िहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता सुनील कुमार ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।जदयू प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की समस्याओं को लेकर लोग पहुंचते हैं। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए उसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
मंत्री ने बताया कि जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित यह जनसुनवाई कार्यक्रम नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में संचालित एक लोककल्याणकारी पहल है, जिससे आम लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई का लाभ मिल रहा है।
श्री कुमार ने कहा कि राजग सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुँच रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित