पटना , जुलाई 18 -- बिहार में बांकीपुर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने शनिवार को कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति पर मुहर लगाएगी।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जनसंपर्क अभियान के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने आज जंक्शन मंडल, नरेंद्र भारती मंडल, पुरंदरपुर देवी स्थान एवं गोलघर मंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क एवं संवाद अभियान चलाया। अभियान के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर सम्मानित नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं, व्यापारियों एवं वरिष्ठजनों से मुलाकात कर भाजपा के पक्ष में समर्थन और आशीर्वाद मांगा।

‎‎दिन की शुरुआत गांधी मैदान में बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव के साथ जनसंपर्क अभियान से हुई, जहां प्रातः भ्रमण पर निकले नागरिकों से आत्मीय संवाद किया गया। इसके बाद नरेंद्र भारती मंडल में विधायक संजीव चौरसिया के साथ विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया गया। वहीं पुरंदरपुर देवी स्थान एवं आसपास के क्षेत्रों में भी स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और युवाओं से व्यापक संवाद कर भाजपा सरकार की उपलब्धियों तथा बांकीपुर के विकास के विजन को साझा किया गया।

‎‎भाजपा प्रत्याशी श्री सिन्हा ने जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा कि बांकीपुर की जनता हमेशा विकास, सुशासन और सकारात्मक राजनीति के साथ खड़ी रही है। जनता का आत्मीय स्नेह, बहुमूल्य सुझाव और अटूट विश्वास इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र की जनता विकास की गति को रुकने नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और जनहित भाजपा की पहचान है तथा यही विश्वास पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित