प्रयागराज , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की कोरांव विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजमणि कोल ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल को विकास, शिक्षा और किसानों के मुद्दों पर केंद्रित बताया है।

उन्होंने यूनीवार्ता से बातचीत में कहा कि क्षेत्र में अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना, गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य सहायता दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने बताया कि अटल आवासीय योजना के तहत कोरांव में 73 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालय स्थापित किया गया है, जहां श्रमिक परिवारों के बच्चे कक्षा 6 से 12 तक शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता दिलाई गई। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक गंभीर रूप से बीमार युवक के इलाज के लिए 9 लाख रुपये की सहायता दिलाई गई, जिससे उसका सफल उपचार संभव हो सका।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चीनी मिल की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके अलावा बेलन नदी पर पुल निर्माण का प्रस्ताव भी सरकार के समक्ष रखा गया है।

राजमणि कोल ने कहा कि जनता उनके कार्यों का मूल्यांकन करेगी और वे बेहतर अंक पाने की उम्मीद रखते हैं। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में दावेदारी जताते हुए कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा, लेकिन वे स्वयं को मजबूत दावेदार मानते हैं।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि राज्य सरकार के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार क्षेत्र में रहकर जनता की समस्याओं का समाधान करते हैं और आगे भी इसी तरह जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित