फर्रुखाबाद , सितंबर 11 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत 2047' के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से प्रत्येक नागरिक को जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' में अधिक से अधिक जनसामान्य की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

श्री सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक से पहले मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया। मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक वितरित किए। जिलाधिकारी ने मंत्री को सम्मानस्वरूप टेक्सटाइल चित्र भेंट किया।

समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कर उनका लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में लगे क्षेत्रीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर संबंधित मजरों में भी साझा किए जाएं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और विकासखंड स्तर पर अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवाएं देने तथा टीकाकरण से आच्छादित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 15 वर्षों के सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को 'विकसित भारत 2047' के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के लिए 'सेवा संकल्प अभियान' को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

श्री सिंह ने विकास कार्यों की प्रगति में प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों की सूची में फर्रुखाबाद के शामिल होने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने बाढ़ की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी लोगों को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से पूरी रखी जाएं।

बैठक में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित