बैतूल , फरवरी 1 -- भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगर के रामकृष्ण बगिया लॉन में आयोजित बजट प्रस्तुतिकरण एवं व्यापारी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट केवल एक वर्ष का नहीं, बल्कि अगले 10 वर्षों में भारत के विकास की दिशा तय करने वाला है। यह बजट विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि सुधार और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है। इसके तहत देश में तीन नए आयुर्वेद संस्थान खुलेंगे, मेडिकल टूरिज्म के पांच नए हब विकसित होंगे और नए टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 22 नए जलमार्ग शुरू होंगे और सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। छोटे शहरों के तीर्थ स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जबकि लखपति दीदियों की आय बढ़ाने के लिए छोटे विक्रय केंद्र खोले जाएंगे।
खंडेलवाल ने कहा कि बजट रोजगार सृजन और उत्पादकता बढ़ाने पर केंद्रित है। आने वाले दशक में भारत वैश्विक निर्माण का बड़ा केंद्र बनेगा। पुराने औद्योगिक क्षेत्रों को पुनर्जीवित किया जाएगा। मछली पालन के लिए 500 अमृत जलाशय बनाए जाएंगे और डेयरी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा। विदेश यात्रा सस्ती होगी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुद्ध सर्किट विकसित किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने कहा कि यह बजट विश्वास और विकास का बजट है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" का संकल्प स्पष्ट दिखाई देता है। विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में नए मेडिकल हब, संस्थानों का उन्नयन और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता किया जाना आम जनता के लिए बड़ी राहत है।
कार्यक्रम में ब्रज कपूर, गजानंद मोटवानी, नवीन तातेड, प्रेमशंकर मालवीय, श्रीचंद्र हिराणी, मंजीत सिंह साहनी, रमेश मिश्रा, नपाध्यक्ष पार्वती बारस्कर सहित अनेक व्यापारी, प्रोफेशनल और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय बजट प्रचार अभियान के जिला संयोजक कमलेश सिंह ने किया तथा आभार जिला कोषाध्यक्ष दीपक सलूजा ने व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित