भिवानी , नवंबर 04 -- हरियाणा के भिवानी स्थित राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय के सभागार में बुधवार को 'विकसित भारत युवा संवाद-अपना वोट जानें' कार्यक्रम आयोजित किया गया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, भिवानी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांसद से विकसित भारत-2047, लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। सांसद ने सरल भाषा में उनके सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
श्री सिंह ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के अधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्र और समाज के निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. त्रिलोकचंद ने की, जबकि राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज स्वागत अध्यक्ष रहे। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, भिवानी की जिला युवा अधिकारी मनसा के नेतृत्व में किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित