नयी दिल्ली , अगस्त 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वतंत्रता दिवस को 'अमर राष्ट्रीय चेतना' का प्रतीक और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने के लिए नयी निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला पर्व बताया है।
श्री नवीन ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को पार्टी मुख्यालय में ध्वाजारोहण किया और देश की आजादी की खातिर जान गंवाने वाले वीर सपूतों को नमन किया। ध्वजारोहण से पहले यहां राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' गाया गया और उसके बाद राष्ट्रगान हुआ। श्री नवीन ने इस मौके पर कहा, "80वें स्वतंत्रता दिवस पर मैं सभी देशवासियों, भाजपा परिवार के सदस्यों और यहां मौजूद पार्टी के समर्थकों के साथ सभी सदस्यों को दिल से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।"उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को भारत की उस 'अमर राष्ट्रीय चेतना' का प्रतीक है, जिसने अनगिनत बलिदानों, अथक संघर्ष और अटूट संकल्प के ज़रिए 'आज़ादी की सुनहरी सुबह' देखी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित