भोपाल , जून 24 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में मध्यप्रदेश लगभग दो ट्रिलियन डॉलर का योगदान देने का प्रयास करेगा और राज्य देश के सबसे तेजी से प्रगति करने वाले राज्यों में शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज यहां "विकसित मध्यप्रदेश" विषय पर आयोजित कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत 2047 और देश की अर्थव्यवस्था को 30 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण योगदान देगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के उद्देश्य से पारदर्शी और उद्योग मित्र नीतियां लागू कर रही है। मध्यप्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है तथा राज्य की भौगोलिक स्थिति निवेशकों को बेहतर कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स सुविधाएं प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 के माध्यम से प्राप्त निवेश प्रस्तावों में से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। राज्य की पहचान अब कृषि प्रधान प्रदेश के साथ-साथ उद्योग मित्र राज्य के रूप में भी स्थापित हो रही है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले तीन वर्षों से विकास की गति लगातार बढ़ रही है और अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने स्पेस-टेक नीति भी लागू की है, जिससे तकनीकी और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की विशेषता है कि जो व्यक्ति एक बार यहां आता है, वह यहीं का होकर रह जाता है। उन्होंने निवेशकों से राज्य में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान का स्मरण भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित