पटना , अक्टूबर 13 -- बिहार सरकार का ग्रामीण विकास विभाग विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षित करने पर विशेष जोर दे रहा है औरइसी क्रम में विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के अंतर्गत अनुमेय कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राज्यस्तरीय मास्टर प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम सात से 16 अक्टूबर तक पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में चलेगा।

बिहार ग्रामीण विकास सोसाइटी की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिला स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर प्रशिक्षकों का सक्षम समूह तैयार करना है। इसके तहत प्रत्येक जिले से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता अथवा सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और कार्यक्रम पदाधिकारी सहित पांच प्रतिभागियों को मास्टर प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये प्रशिक्षक अपने-अपने जिलों और प्रखंडों के पदाधिकारियों तथा तकनीकी कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे। इस पहल से अधिनियम के तहत अनुमेय कार्यों के क्रियान्वयन में एकरूपता, दक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। संस्थान से हाल ही में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके मास्टर प्रशिक्षकों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को पांच समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक समूह में 35 से 40 प्रतिभागियों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी जिलों में प्रशिक्षण आयोजित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षित करने की योजना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित