बागपत , जून 18 -- उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने गुरुवार को कहा कि आज भारत विश्व मंच पर नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है और विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश के बागपत में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से कलेक्ट्रेट लोकमंच परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विशेष विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन गुरुवार को प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सिंह सैनी व भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा बीते वर्षों में हुए परिवर्तनकारी कार्यों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन कर प्रदर्शनी की सराहना की।
प्रदर्शनी का भ्रमण करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, युवाओं के सशक्तीकरण, डिजिटल परिवर्तन और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे अनेक कार्य कर दिखाए हैं, जिनकी वर्षों तक केवल कल्पना की जाती रही। आज भारत विश्व मंच पर नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है और विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने सूचना विभाग द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी को जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से सीधे जोड़ने का कार्य करती हैं। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं तथा उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसमें महिला सशक्तीकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, जल संरक्षण, स्वरोजगार, कौशल विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार, एक्सप्रेस-वे, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को चित्रों, पोस्टरों, स्टैंडी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में स्थापित सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का विशेष केंद्र बना रहा। प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने भी सेल्फी प्वाइंट पर पहुंचकर फोटो खिंचवाया और उपस्थित लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा विकास यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया। युवाओं और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने विकास प्रदर्शनी के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन कर योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
कार्यक्रम में दूसरे दिन सूचना विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार चारु लता ने कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया, कलेक्ट्रेट लोकमंच परिसर में यह विशेष विकास प्रदर्शनी 19 जून तक चलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित