लखनऊ , फरवरी 01 -- उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत की दिशा में निर्णायक कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को सशक्त आधार देते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना नौवां बजट प्रस्तुत किया है, जो "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" की भावना को मजबूती देता है। मंत्री ने कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की ठोस रूपरेखा प्रस्तुत करता है। एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान से औद्योगिक क्षमता को नई गति मिलेगी। 5 लाख तक की आबादी वाले शहरों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल से उत्तर प्रदेश के अनेक नगरों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह "युवा शक्ति-संचालित बजट" है, जिसमें कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता को केंद्र में रखा गया है। शिक्षा से रोजगार तक की यात्रा को मजबूत करने हेतु उच्च-शक्ति स्थायी समिति के गठन का प्रस्ताव किया गया है। स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, पर्यटन, डिजाइन और खेल जैसे क्षेत्रों में पेशेवर मानव संसाधन के निर्माण पर विशेष बल दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित