भोपाल , अगस्त 19 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को भोपाल में 'सोशल मीडिया डायलॉग कॉफी विथ स्टेट प्रेसिडेंट' कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से संवाद करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। इसकी प्राप्ति के लिए समाज के हर वर्ग, हर युवा और हर नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन और सूचना के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि समाज के विचार, व्यवहार और दिशा को प्रभावित करने वाला सशक्त माध्यम बन चुका है। युवाओं को सोशल मीडिया को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाना चाहिए। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाने में सोशल मीडिया प्रभावशाली माध्यम है। एक पोस्ट, वीडियो, रील अथवा सकारात्मक विचार कुछ ही समय में लाखों लोगों तक पहुंच सकता है। इसलिए सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मकता, राष्ट्र निर्माण, नवाचार, युवा शक्ति, आत्मनिर्भरता और विकास की सोच को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियों, युवाओं की सफलता, स्टार्टअप, तकनीक, शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि सोशल मीडिया को समाज को जागरूक करने, जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने का माध्यम बनाना है। युवाओं की हर पोस्ट और संदेश में भारत के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 का विकसित भारत तभी संभव होगा, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने युवाओं और इन्फ्लुएंसर्स से सोशल मीडिया की शक्ति को सकारात्मक दिशा देने तथा विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी, चंबल संभाग प्रभारी आयुष शर्मा सहित सोशल मीडिया के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित