मोतिहारी , जून 18 -- बिहार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने गुरुवार को कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
सुश्री सिंह ने युवाओं से शिक्षा, खेल और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि बिहार के युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
महात्मा गांधी ऑडिटोरियम, मोतिहारी में आज विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह तथा बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज ने की, जबकि संचालन उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदेमातरम् के साथ हुई। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मंत्री सुश्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित