जयपुर , अप्रैल 10 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की अहम भूमिका बताते हुए शुक्रवार को कहा कि उनकी डबल इंजन सरकार ने महिला सशक्तिकरण को जीवन के प्रत्येक पहलू से जोड़ा है।

श्री शर्मा यहां मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है और नारी शक्ति इसके केंद्र में है। केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त किया है। इससे इनकी राजनीति में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है और हर क्षेत्र में महिलाओं को हमेशा आगे रखा गया है। ये आधी आबादी घर को संभालने के साथ ही देश-प्रदेश के विकास में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 के बाद महिलाओं के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, जन धन योजना, स्टैंड-अप इंडिया योजना, महिला स्वयं सहायता समूह, नमो ड्रोन दीदी योजना और लखपति दीदी जैसी कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश में करीब 20 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर 16 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजना ने महिला सशक्तीकरण को मजबूती प्रदान की है।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं के नाम पर मकान आवंटित किए जाते हैं वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन भी दिए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण करवाकर महिलाओं की गरिमा सुनिश्चित की गई है तथा हर घर नल से जल के माध्यम से पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को केंद्र सरकार पांच हजार रुपये की सहायता दे रही है। सरकार ने इस योजना की राशि को बढ़ाकर 6 हजार 500 रुपये कर दिया है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश की 11 लाख 58 हजार गर्भवती महिलाओं को 576 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि मा वाउचर योजना से गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा भी मिल रही है। इसके अतिरिक्त पीएम पोषण योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, मिशन इंद्रधनुष और सक्षम आंगनबाड़ी योजनाएं संचालित की जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में अजमेर से एचपीवी वैक्सीन अभियान का शुभारंभ किया। यह पहल प्रदेश की युवतियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित