वाराणसी , सितंबर 9 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को जमीन पर उतारने में गैर सरकारी संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
नारिया स्थित गणेश वर्णी संस्था में दिवि वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को आयोजित 'सामाजिक शक्ति समागम' गोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री चौरसिया ने कहा कि गैर सरकारी संगठन सरकार और आम जनता के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और उसकी जरूरतों को समझने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में गैर सरकारी संगठन महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभा सकते हैं। गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, कौशल विकास और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में इन संगठनों का योगदान उल्लेखनीय है।
श्री चौरसिया ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त करने में गैर सरकारी संगठन महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित