रायगढ़ , जून 19 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायगढ़ में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं तथा विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस संकल्प में सहभागी बने।

श्री साव आज यहां मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रियदर्शी अवधूत भगवान राम ऑडिटोरियम में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन एवं विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया है। पिछले एक दशक से अधिक समय में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में विकसित भारत के विजन, आत्मनिर्भर भारत, आधारभूत संरचना के विस्तार, गरीब कल्याण तथा डिजिटल इंडिया जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों के साथ संवाद भी किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।

रायगढ़ प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री साव का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। वह शहर के महापौर जीवर्धन चौहान की चाय दुकान पहुंचे, जहां उन्होंने चाय की चुस्कियों के बीच कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित