नयी दिल्ली , मई 06 -- दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को कहा कि देश आज अपार संभावनाओं के दौर से गुजर रहा है और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
श्री संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज यहां दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसजीजीएससीसी) के 42वें वार्षिक समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कॉलेज की चार दशकों की विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान गुरु गोबिंद सिंह जी की शिक्षाओं से प्रेरित होकर विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भर रहा है। उन्होंने वर्तमान डिजिटल युग का उल्लेख करते हुए छात्रों से कहा कि निरंतर सीखने की जिज्ञासा और बदलते समय के अनुरूप स्वयं को ढालना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं से तेजी से बदलती तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप निरंतर सीखने और स्वयं को बदलते समय के साथ ढालने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारत आज अपार संभावनाओं के दौर से गुजर रहा है और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रहें, बल्कि समाज, पर्यावरण, समावेशिता और नैतिक नेतृत्व जैसे विषयों में भी सक्रिय योगदान दें। साथ ही उन्होंने गुरबाणी की पंक्ति 'मन जीते जग जीत' का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को आत्मअनुशासन, स्पष्ट लक्ष्य और दृढ़ संकल्प को जीवन में सफलता का मूल मंत्र बनाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और मूल्यों का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को सदैव प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि यह संस्थान अपनी समृद्ध विरासत, उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपराओं और मूल्य आधारित शिक्षा के माध्यम से छात्रों में राष्ट्र सेवा और नेतृत्व की भावना विकसित कर रहा है। यह संस्थान केवल डिग्री प्रदान करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने वाला एक सशक्त मंच है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा क्षेत्र में निरंतर सुधार और आधुनिकीकरण की दिशा में कार्य कर रही है। सरकार छात्रों को आधुनिक कक्षाओं, डिजिटल टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और स्किल आधारित शिक्षा से जोड़कर उन्हें 'फ्यूचर रेडी' बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की युवा शक्ति ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की सबसे बड़ी ताकत है और दिल्ली सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित