पटना , जून 18 -- िहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को कहा कि विकसित भारत का संकल्प वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा होगा। श्री चौधरी ने आज पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड अंतर्गत पीपलावां में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस सम्मेलन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत हमारा संकल्प और आत्मनिर्भर बिहार हमारा लक्ष्य है, जिसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने घोषणा की कि वर्ष 2029 तक 1000 करोड़ रुपये की लागत से माँ सीता मंदिर का भव्य निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि नौबतपुर स्थित लख पर एक बड़े पुल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही वर्ष 2030 तक बिहार के सभी ग्रामीण इलाकों में हर घर तक पीएनजी गैस की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि यदि कोई अपराधी या माफिया लोगों को परेशान करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो इसकी जानकारी सीधे सरकार को दी जाए। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और पुलिस को चुनौती देने वालों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की जा रही है।

श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में 'पाटलिपुत्र' नाम से एक आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी, जहां उद्योगों की स्थापना के साथ बच्चों के खेलने और अन्य नागरिक सुविधाओं की भी व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना संबंधी सभी योग्य प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी, जिससे छात्रों को पढ़ाई के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में आमसभा आयोजित कर विकास कार्यों की समीक्षा और चर्चा की जाएगी। इसके अलावा 20 जून को पीएम किसान सम्मान निधि की अगली किस्त किसानों के खातों में भेजी जाएगी।

कार्यक्रम को सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक सिद्धार्थ सौरभ तथा विधान पार्षद अनामिका सिंह पटेल ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित