चंडीगढ़ , सितंबर 14 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने युवाओं से विकसित, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा और बायोटेक्नोलॉजी के दौर में आचार्य जगदीश चंद्र बोस की जिज्ञासा और नवाचार की भावना युवाओं के लिए बेहद प्रासंगिक है।

राज्यपाल जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के छठे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में नैक की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में दीनदयाल उपाध्याय ज्ञान संसाधन केंद्र, इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, यूएवी एवं एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी केंद्र तथा विजुअल डिजाइन एवं एनीमेशन स्टूडियो का उद्घाटन भी किया।

प्रो. घोष ने विश्वविद्यालय के रिसर्च और डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए अपने विवेकाधीन फंड से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि का एक हिस्सा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों की सहायता में खर्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को उद्योग, अनुसंधान और समाज के बीच सेतु की भूमिका मजबूत करनी चाहिए। उद्योग-अकादमिक सहयोग, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन सकते हैं। उन्होंने जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए पूर्व छात्रों, उद्योगों और सीएसआर के माध्यम से सहायता तंत्र मजबूत करने पर भी जोर दिया।

प्रो. नागेश्वर राव ने विद्यार्थियों को जीवनभर सीखते रहने, नवाचार अपनाने और समाज के लिए सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान, नवाचार, एनईपी-2020, डिजिटल परीक्षा, प्लेसमेंट और छात्र विकास संबंधी उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह में 2024 और 2025 में पाठ्यक्रम पूरा करने वाले कुल 3,877 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 2,079 छात्र और 1,798 छात्राएं शामिल हैं। 68 शोधार्थियों को भी उपाधियां मिलीं, जिनमें 46 महिला शोधार्थी हैं। दोनों वर्षों के लिए दो-दो गवर्नर-चांसलर और मुख्यमंत्री मेडल तथा 19 विद्यार्थियों को वाइस-चांसलर मेडल प्रदान किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित