वाराणसी , अक्टूबर 25 -- भारतीय वायुसेना के 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के अंतिम दिन रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने 370 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशन में गंगा घाटों, आयोजन स्थल और प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा शिविर, मोबाइल मेडिकल टीमें और एंबुलेंस तैनात की गई थीं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि सिरदर्द, बुखार, चक्कर, उल्टी, पेट दर्द और निर्जलीकरण जैसी समस्याओं से पीड़ित लोगों को प्राथमिक उपचार, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। गंभीर स्थिति में तीन मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौकाघाट और एक को श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा व्यवस्था में स्थानीय स्वास्थ्य संस्थानों के साथ अन्य मेडिकल कॉलेजों, निजी अस्पतालों और दूसरे जिलों से आई चिकित्सकीय टीमों ने सहयोग किया। पूरी व्यवस्था की निगरानी त्रिनेत्र भवन स्थित काशी कमांड सेंटर से की गई। सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाले चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस कर्मियों के प्रति आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित