बैतूल , फरवरी 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भैंसदेही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 262.64 लीटर अंग्रेजी शराब से भरे चार पहिया वाहन को जब्त करने के बाद मामले के मुख्य आरोपी उमेश खंडाइत को भी गिरफ्तार कर न्यायलय के आदेश पर जेल भेज दिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना भैंसदेही प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में टीम ने 22 और 23 फरवरी की दरमियानी रात सूचना के आधार पर घेराबंदी की।

पुलिस ने धामनगांव की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (क्रमांक एमपी 04 सीके 5106) को रोककर तलाशी ली, जिसमें 30 पेटियों में भरी 262.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3 लाख 44 हजार 112 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब एवं वाहन दोनों को जब्त कर लिया।

मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फरार मुख्य आरोपी उमेश खंडाइत, निवासी ग्राम चिचोलीढाना, को 25 फरवरी की शाम गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी अवैध शराब परिवहन और बिक्री के मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल बैतूल भेज दिया गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित