धार , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. अहीर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के लगभग 140 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस ने फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर नूतन नगर, पीथमपुर में दबिश देकर सुनील पिता भुरालाल डाबर निवासी पांचरिया बड़गौदा, इंदौर तथा दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने सेक्टर-1 थाना क्षेत्र सहित आसपास के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन और रात में विभिन्न क्षेत्रों की रेकी कर मौका मिलते ही वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. अहीर सहित पुलिस दल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित