रायपुर , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वाहन चालकों को गाड़ी में खराबी होने का झांसा देकर कार रुकवाने और उनका ध्यान भटकाकर भीतर रखा कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह की गतिविधियां सामने आई हैं। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ऐसी वारदातों को देखते हुए वाहन चालकों के लिए अलर्ट जारी कर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों से आज मिली जानकारी के अनुसार गंज थाना क्षेत्र में नेचर सिटी अमलीडीह निवासी एक कारोबारी के साथ इसी तरीके से चोरी की वारदात हुई है। कारोबारी ने शिकायत में बताया कि वह रावाभाठा स्थित कैप्स आइसक्रीम फैक्ट्री के संचालक हैं। गत 24 सितंबर को वह अपनी कार से घर से ऑफिस जा रहे थे।
फाफाडीह ओवरब्रिज के पास पहुंचने पर एक युवक ने उन्हें कार के बोनट के सामने ऑयल गिरने की जानकारी दी। कारोबारी कुछ दूर आगे बढ़े तो एक अन्य युवक ने भी उनसे यही बात कही। इसके बाद उन्होंने सड़क किनारे कार खड़ी कर बोनट की जांच शुरू की। इस दौरान वह सर्विसिंग से जुड़े व्यक्ति से संपर्क करने में भी व्यस्त हो गए।
इसी बीच चालक का ध्यान दूसरी तरफ होने का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी कार के भीतर रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में नकदी, बैंक से जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।
पुलिस ने इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए वाहन चालकों से कहा है कि कार से बाहर निकलने से पहले कीमती सामान अपने पास रखें और सामान वाहन में होने की स्थिति में कार लॉक करने के बाद ही बाहर निकलें। किसी अज्ञात व्यक्ति की बात पर तुरंत विश्वास नहीं करें, भले ही वह मदद करने की बात कह रहा हो। अनजान व्यक्ति के कहने पर सड़क पर अचानक वाहन रोकने से भी बचें। संदेह होने पर वाहन को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर ही स्थिति की जांच करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित