बारां , अगस्त 04 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन खरीद-फरोख्त एवं गिरवी रखने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 11 चौपहिया वाहन, एक ट्रैक्टर- ट्रॉली और तीन मोटर साइकिलें जब्त की हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने मंगलवार को बताया कि अंता थाने में वाहन खरीद- फरोख्त एवं गिरवी के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत मिलने पर मामला दर्ज करके जांच शुरू की गयी थी।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि गिरोह आर्थिक तंगी से जूझ रहे वाहन मालिकों से कम कीमत पर हस्ताक्षरयुक्त स्टाम्प, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण प्रपत्र एवं अन्य दस्तावेज प्राप्त कर लेता था। इसके बाद उन्हीं वाहनों को अन्य लोगों के पास अधिक राशि लेकर गिरवी रख दिया जाता था। बाद में वाहन की किश्तों का भुगतान नहीं करके वाहन को फाइनेंस कंपनी या वास्तविक मालिक के माध्यम से वापस जब्त करवा लिया जाता था। इस तरह गिरोह वाहन मालिकों और गिरवीधारकों दोनों के साथ धोखाधड़ी करके अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करता था।

पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपी भगवान प्रसाद गोस्वामी, शुभम गोस्वामी, शिवम गोस्वामी, संदीप और रवि उर्फ रंगीला को हिरासत में लेकर 29 हस्ताक्षरयुक्त स्टाम्प, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण प्रपत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए। प्रारंभिक जांच में करीब 15 वाहनों के माध्यम से करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन और धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित