बिलासपुर , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में खड़े वाहनों में आग लगाने की दो अलग-अलग घटनाओं के आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना गत 10 सितंबर की रात 12 बजे से तीन बजे के बीच सूर्या चौक चिंगराजपारा में हुई। यहां द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान में गौरी देवांगन की स्कूटी खड़ी थी। आरोपी महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू ने स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे स्कूटी और उसमें रखा दूसरा सामान पूरी तरह जलकर खराब हो गया। गौरी देवांगन की शिकायत पर सरकंडा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दूसरी घटना में बंधवापारा निवासी नफीस खान ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नफीस की बाइक चोरी कर ली और उसे बंधवापारा भंडारी प्लांट रोड के पास ले जाकर आग के हवाले कर दिया।
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों प्रकरणों की जांच की। इस दौरान प्राप्त जानकारी और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित