वाशिम , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र के वाशिम जिले के मालेगांव कस्बे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान गुलाल फेंकने को लेकर हुए विवाद को लेकर पथराव की घटना सामने आयी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना बुधवार रात करीब 10 बजे टीपू सुल्तान चौक के पास हुई, जहां नवरात्रि उत्सव के बाद प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस के दौरान फेंका गया गुलाल कथित तौर पर एक घर पर जा गिरा, जिससे विवाद शुरू हो गया और दो गुट आमने-सामने आ गये। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ लोगों ने जुलूस पर पथराव कर दिया। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि तनाव और न बढ़े।

जुलूस के आयोजकों ने पहले विसर्जन के लिए आगे बढ़ने से इनकार कर दिया और पथराव में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। इस बीच, मालेगांव पुलिस थाने के बाहर भारी भीड़ जमा हो गयी, जो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही थी।

पुलिस के हस्तक्षेप और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किये जाने के बाद, गुरुवार सुबह करीब चार बजे विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

पुलिस ने बताया कि कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गयी है और मामले की आगे जांच चल रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाये रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करने या उन्हें न फैलाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित