वाशिम , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र के वाशिम जिले में टीपू सुल्तान चौक के पास दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान गुलाल फेंकने को लेकर हुए विवाद के बाद दो गुटों के बीच पथराव को देखते हुए प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को जुलूस के दौरान गुलाल फेंकने को लेकर हुई बहस पत्थरबाजी में बदल गई जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
वाशिम के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी रामकृष्ण पवार ने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए इलाके में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ राज्य आरक्षित पुलिस बल और त्वरित प्रतिक्रिया बल को तैनात किया गया है।
हालात सामान्य करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लगा दिया गया। प्रभावित इलाके में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित