वाशिंगटन , सितंबर 25 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में आयोजित एक राजकीय रात्रिभोज के दौरान चीन के साथ घनिष्ठ संबंधों का आह्वान करते हुए कहा कि दोनों देशों को एक ऐसे रिश्ते की दिशा में काम करना चाहिए जो भावी पीढ़ियों की समृद्धि और सुरक्षा का समर्थन करे।

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपने निजी संबंधों को रेखांकित करते हुए श्री ट्रम्प ने श्री शी और उनकी पत्नी को वास्तव में "अद्भुत व्यक्तित्व" वाला व्यक्ति करार दिया। श्री ट्रम्प ने कहा, "हमारे दो राष्ट्रों के नेताओं के रूप में, राष्ट्रपति शी और मैं दोनों समझते हैं कि हम अलग-अलग प्रणालियों का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हमारे लोगों के बीच के संबंध स्थायी हैं। हमारे बीच पहले कभी इतने बेहतर संबंध नहीं रहे।"रात्रिभोज में श्री शी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच दिन में "सौहार्दपूर्ण और गहन विचार-विमर्श" हुआ तथा "कई मुद्दों पर आम सहमति" बनी। शी ने अनुवादक के माध्यम से कहा, "इस बैठक ने रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक चीन-अमेरिका संबंधों में नई विषय-सामग्री जोड़ी है।"हालांकि, उन्होंने उन विशिष्ट मुद्दों का उल्लेख नहीं किया जिन पर चर्चा हुई या यह नहीं बताया कि क्या कोई नया समझौता हुआ है। व्यापक रूप से उम्मीद की जा रही थी कि उनकी बातचीत में व्यापार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का मुद्दा प्रमुखता से शामिल रहेगा।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और चीन इस सप्ताह की शुरुआत में शुल्क युद्ध पर जारी रोक को दो महीने के लिए बढ़ाने पर सहमत हुए हैं, जिससे उनके व्यापार विवाद में एक और तनाव फिलहाल टल गया है, हालांकि कोई व्यापक व्यापार समझौता अभी तक नहीं हो पाया है।

दोनों देश उन्नत एआई के क्षेत्र में भी प्रतिद्वंद्वी बने हुए हैं, जहां श्री ट्रम्प अमेरिका को चीन से आगे रखने के लिए हल्के नियमों की वकालत कर रहे हैं। इसके अलावा, ईरान और रूस के साथ चीन के संबंध तथा ताइवान को लेकर उसके दावे दोनों देशों के बीच तनाव के अन्य प्रमुख क्षेत्र हैं।

श्री शी ने अमेरिका-चीन संबंधों के इतिहास का भी संक्षेप में उल्लेख किया, जिसमें जॉर्ज वाशिंगटन की चीनी बर्तनों की खरीद, द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग और पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने के राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के प्रयासों का हवाला दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित