सुकमा/कोंटा, 24 सितंबर 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण शबरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार शाम छह बजे नदी का जलस्तर 39.95 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित वार्निंग लेवल से महज 0.55 मीटर नीचे है।

प्रशासन के अनुसार शबरी नदी का वार्निंग लेवल 40.50 मीटर और डेंजर लेवल 42 मीटर निर्धारित है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों के लिए हाई अलर्ट एडवाइजरी जारी कर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों से शबरी नदी और उसके आसपास के निचले इलाकों में जाने से बचने को कहा है। साथ ही नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन नहीं करने तथा बच्चों एवं बुजुर्गों को ऐसे स्थानों से दूर रखने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा आपदा प्रबंधन दल को सूचना दें, ताकि जरूरत के अनुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित